ChampawatDevelopment: चम्पावत को चमका रही धामी सरकार, ₹165 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात!
CM Dhami’s major gift to Champawat: a flurry of development projects!
ChampawatDevelopment: चम्पावत को चमका रही धामी सरकार, ₹165 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में ₹165.68 करोड़ की लागत की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹16,567.56 लाख की लागत की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प, प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत टनकपुर में लगभग 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन तथा सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य गतिमान है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।
उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर प्राप्त होंगे। इसी प्रकार लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) की स्थापना तथा लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा।




