उत्तराखंड
Trending

UttarakhandCongress: हस्ताक्षरों से नहीं धुलेगा कांग्रेस की नाकामी का दाग – भाजपा

Congress's failure will not be erased by a signature campaign, says BJP state president in a sharp attack.

UttarakhandCongress: हस्ताक्षरों से नहीं धुलेगा कांग्रेस की नाकामी का दाग – भाजपा :- हस्ताक्षरों से नहीं धुलेगा कांग्रेस की नाकामी का दाग – भाजपा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस आज जिस राजनीतिक दुर्दशा और संगठनात्मक बिखराव से गुजर रही है, उसके लिए किसी दूसरे दल को जिम्मेदार ठहराने के बजाय उसे अपने भीतर झांकने की जरूरत है। विडंबना देखिए कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी और हरियाणा में भी पार्टी को करारी चुनावी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अब वही नेतृत्व उत्तराखंड में कांग्रेस को नई दिशा देने के दावे कर रहा है। सैलजा को प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक प्रदर्शन का हिसाब भी देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस में नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई, आपसी खींचतान और गुटीय राजनीति किसी से छिपी नहीं है। संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों से ज्यादा चिंता नेताओं को अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक जमीन बचाने की है। कभी प्रदेश नेतृत्व को लेकर विवाद सामने आता है तो कभी अलग-अलग नेताओं के शक्ति प्रदर्शन से पार्टी की अंदरूनी कलह सार्वजनिक होती है। ऐसे में सैलजा का दौरा संगठन को मजबूत करने से अधिक बिखरे हुए कुनबे को एकजुट दिखाने की कवायद नजर आता है।

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान भी उसकी मुद्दाविहीन और दिशाहीन राजनीति का उदाहरण है। प्रदेश की जनता के सामने अपनी प्राथमिकताएं और कोई ठोस वैकल्पिक दृष्टिकोण रखने के बजाय कांग्रेस केवल हस्ताक्षर जुटाकर राजनीतिक माहौल बनाने में लगी है। सवाल यह है कि क्या कागजों पर हस्ताक्षर जुटाना ही जनसेवा और जनहित का प्रमाण बन गया है? क्या कुछ राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर लेने से जनता का विश्वास हासिल किया जा सकता है? कांग्रेस को समझना चाहिए कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है, केवल राजनीतिक सुर्खियां बटोरने से जनता का समर्थन नहीं मिलता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यदि वास्तव में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की इतनी ही चिंता है तो उसे जेनी जैसी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाना चाहिए। उनके समर्थन में खुलकर सामने आना चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का विषय किसी दल की राजनीति से बड़ा है। लेकिन कांग्रेस की प्राथमिकताओं पर सवाल उठना स्वाभाविक है, जब सरकार के विरोध में अभियान चलाने के लिए पार्टी तुरंत सक्रिय हो जाती है, मगर पीड़ित बेटियों के न्याय के सवाल पर वैसी ही गंभीरता और सक्रियता दिखाई नहीं देती।

भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि जेनी जैसी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी ने अब तक कौन सा प्रदेशव्यापी अभियान चलाया? कितने बड़े नेता उनके समर्थन में सामने आए? कितनी बार कांग्रेस ने इस मामले को लेकर अपनी आवाज बुलंद की? क्या कांग्रेस की संवेदनाएं भी राजनीतिक लाभ-हानि देखकर जागती हैं? यदि पार्टी वास्तव में महिला सम्मान की पक्षधर है तो उसे राजनीतिक सुविधा के अनुसार मुद्दे चुनने के बजाय हर पीड़ित के साथ खड़ा होना चाहिए। केवल सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने से महिलाओं को न्याय नहीं मिलने वाला, इसके लिए इच्छाशक्ति, गंभीरता और जमीन पर संघर्ष की जरूरत होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उसके हस्ताक्षर अभियान का वास्तविक उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान है या फिर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराना है? कांग्रेस को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि कुछ राजनीतिक कार्यक्रमों, हस्ताक्षर अभियानों और नेताओं के दौरों से उसकी संगठनात्मक कमजोरी छिप जाएगी। प्रदेश की जनता कांग्रेस के पूर्ववर्ती कार्यकाल और उसके वर्तमान राजनीतिक रवैये दोनों को देख रही है। दूसरी ओर भाजपा सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास, जनकल्याण और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचा रहे हैं।

Leena Kumari

InsideNewsPostUK is a digital news portal dedicated to delivering timely, accurate, and insightful coverage of current events across the world. From politics and business to entertainment, technology, and lifestyle, we aim to inform and engage readers with in-depth reporting, expert analysis, and diverse perspectives. With a commitment to journalistic integrity and digital innovation, InsideNewsPostUK strives to be a trusted source for breaking news and thoughtful commentary in a rapidly changing media landscape.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button