DehradunNews : इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
Renowned former national football player from Uttarakhand, for the successful conduct of the tournament.
DehradunNews : इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ :- देहरादून स्थित सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आज भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 अग्रणी विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
इनमें द दून स्कूल (देहरादून), वेलहम बॉयज़ स्कूल (देहरादून), बिशप कॉटन स्कूल (शिमला, हिमाचल प्रदेश), द सागर स्कूल (अलवर, राजस्थान), आर्मी पब्लिक स्कूल (डगशाई, हिमाचल प्रदेश), कसीगा स्कूल (देहरादून), जीआरडी वर्ल्ड स्कूल (देहरादून), द एशियन स्कूल (देहरादून), इंडियन पब्लिक स्कूल (देहरादून) तथा मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल (देहरादून) शामिल हैं।
टूर्नामेंट का शुभारंभ सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा एवं कवलजीत सिंह धालीवाल द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक लगाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
उद्घाटन लीग मुकाबला द सागर स्कूल, अलवर (राजस्थान) एवं इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून के मध्य खेला गया। मुकाबले में द सागर स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से कैजन ने 9वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि चिन्मय ने 58वें एवं 59वें मिनट में लगातार दो गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।
दूसरा लीग मुकाबला कसीगा स्कूल, देहरादून एवं आर्मी पब्लिक स्कूल, डगशाई (हिमाचल प्रदेश) के बीच खेला गया। इस मैच में कसीगा स्कूल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 6–0 से शानदार विजय प्राप्त की।
कसीगा स्कूल की ओर से कविराज ने 12वें, 17वें एवं 25वें मिनट में लगातार तीन गोल कर हैट्रिक पूरी की। अनिरुद्ध ने 20वें एवं 35वें मिनट में दो गोल किए, जबकि जयवीर ने 59वें मिनट में एक गोल कर टीम की जीत पर मुहर लगा दी।
टूर्नामेंट के सफल संचालन हेतु उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल में भूपाल सिंह नेगी (रामनगर, नैनीताल), देहरादून से मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति एवं विमल सिंह रावत अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही यह टूर्नामेंट विद्यालयी फुटबॉल के विकास एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



