UttarakhandFilmAwards : उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार का आगाज, 2024-25 में शूट फिल्मों को मिलेगा मौका
The awards have primarily been divided into two categories.
UttarakhandFilmAwards : उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार का आगाज, 2024-25 में शूट फिल्मों को मिलेगा मौका :- उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों तथा फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य गठन के बाद पहली बार उत्तराखंड राज्य फिल्म पुरस्कार शुरू किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशन और मार्गदर्शन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुरस्कारों के लिए विज्ञापन भी जारी किया जा चुका है. फिल्म नीति-2024 में पुरस्कारों की विभिन्न श्रेणियों और उनके लिए निर्धारित धनराशि का प्रावधान पहले से किया गया है. चयनित विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ चेक के माध्यम से निर्धारित नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
2024 और 2025 में की फिल्मों को मौका: उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से इस बार वर्ष 2024 और 2025 में उत्तराखंड में शूट हुई फिल्मों को पुरस्कार के लिए शामिल किया जा रहा है।
पुरस्कारों की मुख्य रूप से दो श्रेणियां रखी गई हैं. पहली श्रेणी में हिंदी और अन्य भाषाओं में बनी फिल्में शामिल होंगी, जबकि दूसरी श्रेणी में उत्तराखंड की क्षेत्रीय बोली-भाषाओं में बनी फिल्में शामिल की जाएंगी. इनमें गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी समेत राज्य की अन्य क्षेत्रीय बोलियों में निर्मित फिल्मों को मौका मिलेगा. नोडल अधिकारी केएस चौहान ने बताया दोनों प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत विभिन्न उप-श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म से अभिनेता, अभिनेत्री और सिनेमेटोग्राफर तक सम्मान: फिल्म पुरस्कारों में केवल सर्वश्रेष्ठ फिल्म को ही सम्मानित नहीं किया जाएगा, बल्कि फिल्म निर्माण से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वालों को भी पुरस्कार दिया जाएगा. नियमावली में हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए सर्वोत्कृष्ट फिल्म को 2 लाख रुपये, सर्वोत्कृष्ट निर्देशक को 1.50 लाख रुपये और सर्वोत्कृष्ट अभिनेता, अभिनेत्री, पटकथा लेखक, गायक, सहायक अभिनेता, सहायक अभिनेत्री और सिनेमेटोग्राफर को 1-1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
वहीं उत्तराखंड की क्षेत्रीय बोली की फिल्मों के लिए भी इसी तरह अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं. इसमें सर्वोत्कृष्ट फिल्म के लिए 2 लाख रुपये, सर्वोत्कृष्ट निर्देशक के लिए 1.50 लाख रुपये और सर्वोत्कृष्ट अभिनेता, अभिनेत्री, पटकथा लेखक, गायक, सहायक अभिनेता, सहायक अभिनेत्री, सिनेमेटोग्राफर और सर्वोत्कृष्ट एलबम गायक के लिए 1-1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित है।



