YograjSingh : योगराज सिंह का एक और विवादित बयान
Now is the time to focus on family and children, and to spend time with them.
YograjSingh : योगराज सिंह का एक और विवादित बयान :- टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। एक बार फिर उन्होंने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। इस बार उनके निशाने पर खिलाड़ियों के संन्यास के फैसले और उसमें उनके परिवार खासकर पत्नियों की भूमिका रही है।
एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने कहा कि घर की महिलाएं अक्सर खिलाड़ियों के करियर और संन्यास के फैसलों को प्रभावित करती हैं जो उनके अनुसार सही नहीं है। योगराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘घर की महिलाएं और आपकी पत्नियां कोचिंग शुरू कर देती हैं।
वे आपसे कहती हैं कि अब आपके संन्यास का समय आ गया है अब परिवार और बच्चों पर ध्यान देने और उनके साथ समय बिताने का वक्त है। मेरा मानना है कि महिलाओं को किसी खिलाड़ी की महान संभावनाओं के बीच में नहीं आना चाहिए। फकीर और खिलाड़ी इन दोनों का कोई धर्म या वर्ग नहीं होता वे भगवान के बंदे होते हैं।’
योगराज यहीं नहीं रुके, उन्होंने उम्र और संन्यास को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली पर भी तीखा कटाक्ष किया। रोहित और विराट टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे फॉर्मेट में नजर आते हैं।
इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए योगराज ने कहा, ‘रोहित शर्मा और विराट कोहली युवा क्रिकेटर हैं और वे छोड़ना चाहते हैं? लानत है ऐसी जिंदगी पर। दुनिया को अहसास कराओ कि तुम सर्वश्रेष्ठ हो और तुम्हारी जगह कोई नहीं ले सकता। अगर तुम 50 साल के भी हो और दोहरा शतक बना रहे हो तो कोई तुम्हें टीम से बाहर नहीं करेगा। हमारे देश में उम्र का यह फैक्टर बहुत अजीब है।’
दिलचस्प बात यह है कि योगराज सिंह जो अक्सर एमएस धोनी की आलोचना करते रहे हैं, इस बार धोनी की तारीफ करते नजर आए। धोनी की फिटनेस और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि धोनी को अगले 10 साल तक और खेलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों को यह हक किसने दिया कि वे धोनी को संन्यास लेने के लिए कहें। योगराज के मुताबिक जिस तरह का समर्पण धोनी ने दिखाया है उसके लिए उन्हें सलाम है।



