TelegramCEOExposed : WhatsApp पर भरोसा खतरे से खाली नहीं
Telegram CEO Pavel Durov has even gone so far as to call it 'the biggest privacy fraud in history.'
TelegramCEOExposed : WhatsApp पर भरोसा खतरे से खाली नहीं :- अमेरिका के कैलिफोर्निया में दो यूजर्स (ब्रायन और निदा) ने वॉट्सएप के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि वॉट्सएप आपके मैसेज को बीच में ही रोककर पढ़ रहा है। दावा किया जा रहा है कि मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा इन मैसेजेस को Accenture जैसी बाहरी कंपनियों के साथ शेयर कर रही है।
अगर यह सच है, तो व्हाट्सएप का ‘एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन’ का दावा सिर्फ एक दिखावा साबित हो सकता है। एलन मस्क ने कहा है कि ‘व्हाट्सएप पर भरोसा नहीं किया जा सकता।’
एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग के बीच की टशन जगजाहिर है। कभी दोनों के बीच पिंजरे वाली लड़ाई (Cage Fight) की बातें होती हैं, तो कभी AI को लेकर बहस। अब मस्क ने मौका देखते ही लोगों से अपील की है कि वे वॉट्सएप छोड़कर ‘X’ (ट्विटर) की चैट का इस्तेमाल करें, क्योंकि उनके मुताबिक असली प्राइवेसी वहीं है।
वहीं, टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव ने तो इसे ‘इतिहास का सबसे बड़ा प्राइवेसी फ्रॉड’ तक कह दिया है। उनका कहना है कि वॉट्सएप सालों से अपने करोड़ों यूजर्स को अंधेरे में रख रहा है।
जब मामला इतना बड़ा हो गया, तो वॉट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा को भी सामने आना पड़ा। मेटा के प्रवक्ता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘बकवास और झूठ’ बताया है।
कंपनी का कहना है, ‘ हम पिछले 10 साल से वही तकनीक (सिग्नल प्रोटोकॉल) इस्तेमाल कर रहे हैं, जो दुनिया में सबसे सुरक्षित मानी जाती है। आपके मैसेज सिर्फ आप और जिसे आपने भेजा है, वही पढ़ सकता है। कोई तीसरा इसे छू भी नहीं सकता।’
मान लीजिए आपने अपने दोस्त को एक चिट्ठी लिखी। भेजने से पहले आपने उसे एक ऐसी ‘सीक्रेट कोडिंग’ में बदल दिया जिसे कोई नहीं पढ़ सकता। वह चिट्ठी तभी खुलेगी जब वह आपके दोस्त के पास पहुंचेगी। बीच में डाकिया या कोई और उसे खोल भी ले, तो उसे सिर्फ अजीब से अक्षर दिखेंगे।
वॉट्सएप दावा करता है कि वह वही करता है। यह विवाद अभी कोर्ट में है, इसलिए फिलहाल किसी नतीजे पर पहुँचना जल्दबाजी होगी।
लेकिन अपनी डिजिटल सुरक्षा के लिए आप 2 काम कर सकते हैं। पहला टू-स्टेप वेरिफिकेशन, जिसमें अपने व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर इसे ऑन करें। दूसरा बैंक पासवर्ड या बहुत ज्यादा पर्सनल चीजें यानी सेंसिटिव जानकारी किसी भी चैटिंग ऐप पर शेयर करने से बचें।



