IndianRailways : ट्रेन में रात को फोन चार्ज करके सोने वालों के लिए जरूरी खबर, रेलवे का निर्देश
Railway Board tightens rules following power bank explosion.
IndianRailways : ट्रेन में रात को फोन चार्ज करके सोने वालों के लिए जरूरी खबर, रेलवे का निर्देश :- अगर आप ट्रेन से सफर करते समय रात में मोबाइल या पावर बैंक चार्ज पर लगाकर सो जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है. रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. ऐसे में यात्रियों को रात के इन छह घंटों के दौरान कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।
रेलवे ने यह निर्देश यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोहराया है. हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक पावर बैंक से जुड़ी घटना सामने आने के बाद इस नियम के पालन पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश देने, उनकी ट्रेनिंग कराने और नियमों की जांच के लिए भी कहा गया है।
पावर बैंक में विस्फोट के बाद रेलवे बोर्ड की सख्ती
रेलवे बोर्ड के पत्र के मुताबिक, दक्षिण पूर्व रेलवे में ऑनबोर्ड स्टाफ ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए थे। इसी दौरान चार्जिंग करते समय एक यात्री का पावर बैंक फट गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। इस घटना ने ट्रेन में बिजली के उपकरणों की सुरक्षा और रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही से यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए सभी जोनल रेलवे को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को निर्देश दिया है कि वे संबंधित कर्मचारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देशित करें। जरूरत के मुताबिक कर्मचारियों की काउंसलिंग और ट्रेनिंग भी कराई जाए, ताकि रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू हो सके।
इसके साथ ही अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निरीक्षणों के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ट्रेनों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट तय समय पर बंद किए जा रहे हैं या नहीं।



