YamunotriHighway : यमुनोत्री हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़िए घायल
The injured have been referred to a higher center after receiving first aid.
YamunotriHighway : यमुनोत्री हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़िए घायल :- उत्तरकाशी में यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंस गया और हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। टिहरी में भूस्खलन और मलबा आने से नौ ग्रामीण सड़कें बंद हैं, जबकि डोईवाला के भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसाती खाले का पानी जमा हो गया।
उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंसने, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों के घायल होने, टिहरी में नौ ग्रामीण सड़कों के बंद होने और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से हाईवे व रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने और हालात सामान्य करने में जुटे हैं।
देर रात से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हालात बिगड़ गए हैं। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
वहीं, पाली गाड़ के पास हाईवे पर चट्टानी पत्थर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बाल-बाल बच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।



