InductionRotiRecipe : इंडक्शन पर रोटी बनाने का तरीका :- इन दिनों भारत में कई जगह एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी देखने को मिल रही है। बुकिंग करने के बाद भी सिलेंडर समय पर नहीं मिल रहे या फिर सिलेंडर भरवाने के लिए लोगों को लंबी लंबी लाइन में लगना पड़ता है। ऐसे में लोग अब कुकिंग के लिए गैस के अल्टरनेटिव की तलाश कर रहे हैं, जिसमें से एक सबसे किफायती और आसान इंडक्शन चूल्हा है।
इस पर चाय, दाल चावल, सब्जी, दूध उबालना जैसी चीजें तो आसानी से हो जाती है लेकिन रोटी बनाना बहुत मुश्किल होता है। आज हम आपको बताते हैं ऐसे ही दो तरीके जिससे आप इंडक्शन पर बिना किसी झंझट के सॉफ्ट और स्वादिष्ट रोटी बना सकते हैं।
इंडक्शन पर रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक फ्लैट या इंडक्शन बेस वाले तवे का इस्तेमाल करें। आजकल बाजार में आसानी से 400 से ₹500 में इंडक्शन बेस वाला तवा मिल जाता है।
इंडक्शन पर रोटी बनाने के लिए सबसे पहले इंडक्शन को ऑन करें और उस पर तवा रखें।
दूसरी तरफ आटे की लोई बनाकर उसे बेलें, जैसे आप नॉर्मल रोटी बेलते हैं।
अब हल्के गर्म तवे पर रोटी डालें। जब रोटी एक तरफ से हल्की सिक जाए तो उसे पलट दें।
अब दूसरी तरफ से भी रोटी को अच्छी तरह से सेंक लें।
रोटी को फुलाने के लिए आप एक किचन टॉवल या कॉटन के कपड़े का इस्तेमाल करके इसे हल्के हाथों से दबाते हुए दोनों तरफ से सेंक लें।
इससे रोटी अच्छी तरह से फूल भी जाती है और नरम और स्वादिष्ट भी बनती है।
और पढ़ें- Induction की भयंकर डिमांड, पूरी नहीं कर पा रहे दुकानदार
इंडक्शन पर रोटी बनाने का दूसरा तरीका
अगर आपके पास इंडक्शन बेस तवा नहीं है, तो भी आप इंडक्शन पर रोटी बना सकते हैं। आप फ्लैट सर्फेस वाली कोई कढ़ाई या पैन का इस्तेमाल करके भी रोटी बना सकते हैं।
इसके लिए चौड़ी कढ़ाई इंडक्शन पर रखें, उसे हल्का सा गर्म करें। चाहे तो बेस में थोड़ा सा घी लगा दें।
बेली हुई रोटी पैन में डालें। दोनों तरफ से सेंक लें।
कपड़े से हल्के से दबाते हुए रोटी को फुला लें।
ध्यान रखें की रोटी को तवा या पैन के ऊपर ही सेंकना होता है। गैस की तरह इसे नीचे उतार के नहीं सेंका जा सकता है।
इंडक्शन पर रोटी बनाते समय ध्यान रखें ये बातें
इंडक्शन पर रोटी बनाने के लिए हमेशा मोटे तले वाले तवा या पैन का इस्तेमाल करें। अगर तवा या पैन बहुत ज्यादा गर्म है तो रोटी ना डालें, इसे थोड़ा ठंडा कर लें नहीं तो रोटी जल सकती है। रोटी को कपड़े से दबाकर सेंके, इससे वो जल्दी और अच्छी तरह से सिकती है। इंडक्शन पर आप इसी तरीके से प्लेन पराठे या स्टफ पराठे भी बना सकते हैं।



