
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। उनके प्रदेश आगमन पर राज्य सरकार में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। देहरादून एयरपोर्ट पर जैसे ही शिवराज सिंह चौहान पहुंचे, गणेश जोशी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रिषिकेश के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे। सभी ने मिलकर “भारत माता की जय” और “शिवराज सिंह चौहान ज़िंदाबाद” जैसे नारों से माहौल को देशभक्ति व स्वागत में रंग दिया।
सूत्रों के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा केवल शिष्टाचार मुलाकात नहीं है, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। उत्तराखंड में आगामी समय में होने वाले चुनावों और संगठनात्मक बदलावों की दृष्टि से यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
गणेश जोशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए सम्मान की बात है। उनके अनुभव से हम कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई दिशा पा सकते हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि केंद्र सरकार आने वाले समय में राज्य को कृषि योजनाओं में विशेष प्राथमिकता देगी।
इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। क्या यह दौरा कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है या फिर केवल विभागीय समन्वय का प्रयास – इस पर निगाहें टिकी हैं।