
CBSE Result 2025 तेजस्विनी-आस्था ने उड़ाया मेरिट का किला, पीयूष बना जिले का सुपरस्टार : सीबीएसई की इंटरमीडिएट और हाईस्कूल परीक्षा 2025 के परिणामों में नैनीताल जिले के मेधावी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इंटरमीडिएट में डीएवी स्कूल हल्द्वानी की तेजस्विनी चुफाल और ऑर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की आस्था पंत ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, हाईस्कूल में सेंट थेरेसा स्कूल के छात्र पीयूष दुम्का ने 99.4% अंक लाकर जिले में टॉप किया।
तेजस्विनी ने इतिहास, भूगोल और अंग्रेजी में 99 जबकि राजनीतिक विज्ञान और कला में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। वह आगे की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी से करना चाहती हैं और उनका सपना सिविल सेवा में जाना है। तेजस्विनी का मानना है कि गुणवत्ता वाली पढ़ाई, एकाग्रता और सीमित समय में फोकस के साथ अध्ययन से सफलता प्राप्त की जा सकती है।

पंत ने भी 99.4% अंकों के साथ इंटर में टॉप किया। उन्हें अंग्रेजी में 99, हिंदी में 98 और भूगोल, पॉलिटिकल साइंस व योगा में शत-प्रतिशत अंक मिले। उनका लक्ष्य भी यूपीएससी पास कर सिविल सेवा में जाना है। उन्होंने पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर रखा और टाइम मैनेजमेंट पर फोकस किया।
दसवीं के टॉपर पीयूष दुम्का ने 500 में से 497 अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें हिंदी, अंग्रेजी व आईटी में 100, गणित में 99 और सोशल साइंस में 98 अंक मिले। पीयूष इंजीनियर बनना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि ध्यान केंद्रित करके पढ़ाई करने से ही असली सफलता मिलती है।
इसी क्रम में इंटर में बीयरशिबा स्कूल के रोहित उपाध्याय और एपीएस की इशिता कन्याल ने 99.2% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। रोहित ने सेल्फ स्टडी से यह मुकाम हासिल किया और प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जाहिर की।
नैनीताल जिले के इन टॉपर्स की सफलता ने स्कूलों और अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी ला दी है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।