ChhathPuja2026: छठी मइया के महापर्व से बाजारों में बरसा पैसा, ₹65 हजार करोड़ का कारोबार!
Chhath Puja brings a festive buzz to markets; small business owners reap significant benefits.
ChhathPuja2026: छठी मइया के महापर्व से बाजारों में बरसा पैसा, ₹65 हजार करोड़ का कारोबार :- छठ महापर्व देश में न केवल अटूट आस्था और श्रद्धा का उत्सव बनकर उभरा है, बल्कि यह कारोबार को भी एक नई गति दे रहा है. कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स यानी कैट (CAIT) के मुताबिक, बिहार, झारखंड और दिल्ली सहित देश के अलग-अलग राज्यों में इस बार रिकॉर्ड तोड़ व्यापार हुआ है. कैट का अनुमान है कि देशभर में छठ पूजा के दौरान 65,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ है. इस पर्व से किसानों, छोटे व्यापारियों, कुटीर उद्योगों, महिला एंटरप्रेन्योर और पारंपरिक कारीगरों को बड़ा फायदा मिला है।
कैट के आकलन के अनुसार, देशभर में करीब 11 करोड़ लोग छठ महापर्व मना रहे हैं. इस दौरान सबसे ज्यादा कारोबार बिहार, दिल्ली और झारखंड में हुआ है. बिहार में करीब 20,000 करोड़ रुपये, दिल्ली में 12,000 करोड़ रुपये और झारखंड में लगभग 7,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. वहीं, देश के बाकी राज्यों में करीब 26,000 करोड़ रुपये का व्यापार होने की उम्मीद है. कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश छठ पूजा के प्रमुख केंद्र हैं. इन राज्यों में बड़े पैमाने पर श्रद्धालु पूजा करते हैं और बाजारों में खरीदारी भी बढ़ जाती है. दिल्ली-एनसीआर में भी पूर्वांचल के लोगों की बड़ी आबादी के कारण छठ से जुड़े सामान की खूब बिक्री होती है।
बांस के सूप से लेकर फलों तक की बढ़ी मांग
छठ पूजा के दौरान बांस से बने सूप, दउरा, डलिया और टोकरी की मांग काफी बढ़ जाती है. इससे बांस के सामान बनाने वाले कारीगरों और उनके परिवारों को रोजगार मिलता है. वहीं, केला, नारियल, गन्ना, सेब, संतरा और दूसरे मौसमी फलों की खरीदारी बढ़ने से किसानों और फल कारोबारियों को फायदा होता है. इसके अलावा ठेकुआ बनाने के लिए गुड़, गेहूं का आटा, चावल, घी और दूध की मांग भी बढ़ जाती है. मिट्टी के दीये, कलश, चूल्हे और बर्तनों की बिक्री से कुम्हारों को कमाई का मौका मिलता है. साड़ी, पारंपरिक कपड़ों, फूल-माला, अगरबत्ती, कपूर और पूजा सामग्री का कारोबार भी इस दौरान बढ़ जाता है।
टेंट, लाइटिंग और ट्रांसपोर्ट कारोबार को भी फायदा
छठ पूजा के दौरान नदियों और तालाबों के किनारे घाटों को सजाया जाता है. कई जगह अस्थायी घाट भी बनाए जाते हैं. इससे टेंट, लाइटिंग, सजावट, खानपान, परिवहन और सुरक्षा जैसी सेवाओं से जुड़े लोगों को काम मिलता है. घाटों की सफाई, रोशनी और सुरक्षा पर स्थानीय प्रशासन की ओर से किया जाने वाला खर्च भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाता है।




