WhyDogsHowlAtNight : रात के अंधेरे में क्यों रोते हैं कुत्ते?
Dogs also howl to signal their presence.
WhyDogsHowlAtNight : रात के अंधेरे में क्यों रोते हैं कुत्ते? :- रात की खामोशी में अगर अचानक किसी गली से कुत्ते के हूकने की लंबी आवाज सुनाई दे, तो अक्सर लोगों के मन में तरह-तरह के सवाल उठने लगते हैं. खासकर गांवों और छोटे शहरों में कुत्ते के रात में रोने को लेकर कई तरह की मान्यताएं प्रचलित हैं. कुछ लोग इसे भूत-प्रेत या किसी अनहोनी से जोड़ते हैं. लेकिन विज्ञान इस बारे में क्या कहता है? क्या कुत्ते वाकई ऐसी चीजें देख या महसूस कर सकते हैं, जिन्हें इंसान नहीं देख पाता?
कुत्ते के रोने को भूत-प्रेत से जोड़ना कितना सही?
रात में कुत्ते के हूकने या रोने को किसी अनहोनी का संकेत मानने का कोई पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. अमेरिकन केनेल क्लब (AKC) के मुताबिक, कुत्तों का लंबी आवाज में हूकना उनके संवाद करने के तरीकों में से एक हो सकता है. वे इस आवाज के जरिए दूसरे कुत्तों तक अपनी मौजूदगी का संकेत पहुंचा सकते हैं या किसी आवाज का जवाब दे सकते हैं. इसलिए रात में कुत्ते की ऐसी आवाज सुनते ही उसे भूत-प्रेत या किसी अनहोनी से जोड़ना वैज्ञानिक आधार पर सही नहीं माना जा सकता।
रात में कुत्ते की आवाज ज्यादा क्यों सुनाई देती है?
ऐसा जरूरी नहीं है कि कुत्ते सिर्फ रात में ही हूकते हैं. दिन के समय ट्रैफिक, लोगों की आवाज, वाहनों और दूसरी गतिविधियों का शोर ज्यादा होता है. ऐसे में कुत्ते की आवाज कई बार आसपास के शोर में दब जाती है. रात में वातावरण शांत होने के कारण वही आवाज काफी दूर तक स्पष्ट सुनाई देती है. यही वजह है कि लोगों को अक्सर लगता है कि कुत्ते रात में ही रोते हैं।
इंसानों से ज्यादा तेज आवाजें सुन सकते हैं कुत्ते
कुत्तों की सुनने की क्षमता इंसानों से अलग होती है. AKC के अनुसार, कुत्ते इंसानों की तुलना में ज्यादा ऊंची फ्रीक्वेंसी वाली आवाजें सुन सकते हैं. ऐसे में आसपास मौजूद कोई ऐसी आवाज भी उनके कानों तक पहुंच सकती है, जिसे इंसान सुन नहीं पाता. किसी अनजान या तेज आवाज पर प्रतिक्रिया देते हुए कुत्ता हूकना शुरू कर सकता है. इसलिए कई बार ऐसा लगता है कि वह बिना किसी वजह के रो रहा है, जबकि वास्तव में उसके आसपास कुछ ऐसा हो सकता है जिसने उसका ध्यान खींचा हो।
दूसरे कुत्ते की आवाज का जवाब भी हो सकता है
कुत्तों के लिए हूकना एक तरह का संवाद भी है. अगर किसी दूर के इलाके में कोई कुत्ता हूकता है तो आसपास मौजूद दूसरे कुत्ते उसकी आवाज का जवाब दे सकते हैं. VCA Animal Hospitals के मुताबिक, कुत्ते दूसरे कुत्तों की आवाज के अलावा सायरन और कुछ ऊंची आवाजों पर भी हूक सकते हैं. यानी अगर रात में एक कुत्ते के हूकने के बाद आसपास के कई कुत्ते भी उसी तरह आवाज निकालने लगें, तो जरूरी नहीं कि कोई डरावनी घटना हुई हो. यह उनके बीच सामान्य संवाद का हिस्सा हो सकता है।
अपनी मौजूदगी बताने के लिए भी हूकते हैं कुत्ते
कुत्ते आवाज के जरिए दूसरे जानवरों तक अपनी मौजूदगी का संकेत भी पहुंचाते हैं. हूकने के जरिए वे यह बता सकते हैं कि वे किसी खास इलाके में मौजूद हैं. VCA के मुताबिक, जंगली भेड़ियों में भी लंबी आवाज निकालना झुंड के दूसरे सदस्यों से संपर्क करने का एक तरीका है. घरेलू कुत्तों में भी इस व्यवहार का कुछ हिस्सा देखने को मिलता है. इसलिए जो आवाज इंसानों को रोने जैसी लगती है, उसका कुत्तों के लिए अलग अर्थ हो सकता है।
अकेलापन और चिंता भी हो सकती है वजह
अगर कोई कुत्ता लंबे समय तक अकेला रहता है तो वह अपने मालिक या दूसरे कुत्तों को बुलाने के लिए हूक सकता है. कुछ कुत्तों में सेपरेशन एंक्जायटी यानी मालिक से अलग होने की चिंता भी देखी जाती है. AKC के अनुसार, अकेलापन और चिंता कुत्तों के हूकने की वजह बन सकते हैं. रात के शांत माहौल में ऐसी आवाज और ज्यादा स्पष्ट सुनाई देती है, जिससे लोगों का ध्यान तुरंत उसकी तरफ चला जाता है।
आसपास की हलचल पर भी देता है प्रतिक्रिया
कुत्ते अपने आसपास के माहौल को लेकर काफी सतर्क रहते हैं. किसी अनजान व्यक्ति, दूसरे जानवर या असामान्य हलचल को महसूस करने पर वे आवाज निकाल सकते हैं. कई बार हूकना उनके क्षेत्र में किसी बाहरी मौजूदगी के प्रति प्रतिक्रिया भी हो सकता है. ऐसे में रात के समय कुत्ते का लगातार आवाज करना किसी रहस्यमयी घटना का संकेत होने के बजाय उसके सामान्य व्यवहार का हिस्सा हो सकता है.
अचानक ज्यादा हूकने लगे तो सेहत पर दें ध्यान
अगर कोई कुत्ता सामान्य तौर पर शांत रहता है, लेकिन अचानक रात में लगातार रोने या हूकने लगे तो उसके व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. AKC और VCA के मुताबिक, सामान्य से ज्यादा या अचानक आवाज निकालना कभी-कभी दर्द या शारीरिक परेशानी से भी जुड़ा हो सकता है. अगर इसके साथ बेचैनी, खाना कम करना, सुस्ती, चलने में परेशानी या व्यवहार में अचानक बदलाव जैसे लक्षण दिखाई दें तो पशु चिकित्सक से सलाह लेना उचित है।
कुत्तों को भूत-प्रेत से जोड़ने की मान्यता कहां से आई?
कुत्ते के हूकने को मौत या अनहोनी से जोड़ने वाली मान्यताएं कई संस्कृतियों में लंबे समय से मौजूद हैं. इसकी एक वजह यह हो सकती है कि कुत्ते इंसानों की तुलना में कुछ आवाजों और हलचलों को पहले महसूस कर लेते हैं. AKC भी बताता है कि कई संस्कृतियों में कुत्ते के हूकने को मौत या किसी अनहोनी से जोड़ने वाली मान्यताएं रही हैं. हालांकि, इस बात का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि कुत्ता किसी व्यक्ति की मौत की भविष्यवाणी कर सकता है या भूत-आत्मा को देख सकता है।



