कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर गंभीर आरोप कोर्ट ने 23 जुलाई तक मांगा जवाब
Along with this, a case of the minister possessing assets disproportionate to his income has also come to light.
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर गंभीर आरोप कोर्ट ने 23 जुलाई तक मांगा जवाब : उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर बागवानी, जैविक खेती, विदेशी दौरों और निर्माणाधीन सैन्य धाम के निर्माण में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। इसके साथ ही मंत्री पर आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला भी सामने आया है। इस पूरे मामले पर उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए मंत्री जोशी को 23 जुलाई तक अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है।
यह सुनवाई न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा की एकलपीठ के समक्ष हुई, जो सेवानिवृत्ति से पूर्व अंतिम दिन कोर्ट में बैठे थे। अदालत ने याचिकाकर्ता से भी इस मामले में उत्तर देने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को होगी।
दरअसल, देहरादून निवासी आरटीआई कार्यकर्ता विकेश सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि मंत्री गणेश जोशी ने सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। उन्होंने अपने शपथपत्र में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी संपत्ति 9 करोड़ रुपये घोषित की थी, लेकिन इसके बाद उनकी संपत्ति में कई गुना इजाफा हुआ है।
इसके अलावा, याचिका में कहा गया है कि मंत्री ने बागवानी और जैविक खेती को लेकर विदेश यात्राएं कीं, जिनमें अनियमितताएं पाई गईं। सैन्यधाम के निर्माण कार्य में भी कथित गड़बड़ी और फंड के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं।
हाईकोर्ट का यह आदेश मंत्री जोशी के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। अब देखना होगा कि मंत्री अदालत में क्या पक्ष रखते हैं और यह मामला आगे क्या मोड़ लेता है।