VaranasiMovie : ‘वाराणसी’ का विशाल सेट वायरल!
VaranasiMovie: Massive set for ‘Varanasi’ goes viral!
VaranasiMovie : ‘वाराणसी’ का विशाल सेट वायरल! :- एसएस राजामौली की फिल्मों में भव्यता और शानदार विजुअल्स हमेशा से दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे हैं. ‘बाहुबली’ और ‘RRR’ जैसी फिल्मों के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर भी जबरदस्त उत्सुकता है।
महेश बाबू स्टार की इस फिल्म के विशाल सेट की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि फैंस ने Apple Maps के जरिए हैदराबाद के कोकापेट इलाके में बने फिल्म के भव्य सेट को खोज निकाला है।
वायरल तस्वीरों में प्राचीन भारतीय मंदिरों जैसी इमारतें, ऊंचे शिखर, पत्थरों से बने घाट, बड़े आंगन और हरे पानी वाले तालाब दिखाई दे रहे हैं. इसके अलावा लकड़ी की नावों के मॉडल और नीली छत वाली एक प्रोडक्शन बिल्डिंग भी नजर आ रही है. सेट का विशाल आकार देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि राजामौली इस बार पर्दे पर एक बेहद भव्य दुनिया पेश करने वाले हैं।
Apple Maps पर कैसे दिखा फिल्म का सेट?
दावा है कि 18 नवंबर 2026 को भारत में Apple Maps पर हाई-रेजोल्यूशन 3D मैप्स और इमेजरी अपडेट होने के बाद यूजर्स की नजर इस सेट पर पड़ी. इसके बाद कुछ लोगों ने एरियल फुटेज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. हालांकि, वायरल तस्वीरों में दिख रही जगह को फिल्म ‘वाराणसी’ का सेट बताए जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिल्म के मेकर्स की ओर से भी इस मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
यह पहली बार नहीं है जब फिल्म के सेट से जुड़ी तस्वीरें लीक होने की चर्चा हो रही है. नवंबर 2025 में फिल्म के टाइटल लॉन्च इवेंट के दौरान एसएस राजामौली ने ड्रोन के जरिए फिल्म के कुछ विजुअल्स लीक होने पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने बताया था कि फिल्म की झलक को दर्शकों से छिपाकर रखने के लिए टीम ने करीब एक साल तक मेहनत की थी और काफी संसाधन खर्च किए थे. लेकिन एक ड्रोन के कारण फिल्म के कुछ सरप्राइज पहले ही सामने आ गए।
राजामौली इस बात से निराश थे कि जिन विजुअल्स को वह दर्शकों के सामने खास मौके पर पेश करना चाहते थे, वे पहले ही लीक हो गए. अब Apple Maps पर वायरल हो रही तस्वीरों ने एक बार फिर फिल्म के सेट को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘वाराणसी’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म की टीम अब पोस्ट प्रोडक्शन में व्यस्त है. फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स यानी VFX पर खास काम किया जा रहा है. वहीं, म्यूजिक कंपोजर एम.एम. कीरवानी री-रिकॉर्डिंग और डबिंग से जुड़े काम में जुटे हैं ।
राजामौली की फिल्मों में बैकग्राउंड म्यूजिक और विजुअल इफेक्ट्स की अहम भूमिका रही है. ऐसे में ‘वाराणसी’ से भी दर्शकों को बड़े सिनेमाई अनुभव की उम्मीद है॥
‘वाराणसी’ को बड़े पर्दे पर खास अंदाज में पेश करने की तैयारी है. दावा किया जा रहा है कि यह पहली भारतीय और गैर-अंग्रेजी फिल्म है, जिसे खास तौर पर 1.43:1 IMAX आस्पेक्ट रेशियो में शूट किया गया है।
इसके अलावा फिल्म को Dolby Cinema में भी रिलीज करने की योजना है.फिल्म मूल रूप से तेलुगु भाषा में बनाई जा रही है. हालांकि, इसे हिंदी, तमिल समेत कई भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है, ताकि देश के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शक इसे देख सकें।




