National News
Trending

JapanBulletTrain: दुनिया की सबसे तेज ट्रेन दौड़ाएगा जापान

Japan will run the world's fastest train.

JapanBulletTrain : दुनिया की सबसे तेज ट्रेन दौड़ाएगा जापान:- Fastest Train in the World: दुनिया में सबसे तेज स्पीड वाली ट्रेन बनाने और दौड़ाने का मुकाबला जापान और चीन के बीच चल रहा है और यही दोनों इसमें सबसे आगे हैं. जापान ने आज से 11 साल पहले ही दुनिया में सबसे तेज 603 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया था जो आजतक कायम है. यह खास मैग्लेव ट्रेन के ट्रायल के दौरान किया गया था, यह एक ऐसी ट्रेन होती है जो पटरियों पर पहियों के सहारे नहीं चलती, बल्कि शक्तिशाली चुंबकीय शक्ति के कारण पटरी से कुछ ऊपर हवा में तैरते हुए आगे बढ़ती है. एक तरफ तो जापान इस ट्रेन को आम लोगों के लिए असाधारण स्पीड पर चलाना चाहता है तो दूसरी तरफ चीन उससे आगे निकलना चाहता है.

जापान ने जब 603 किमी/घंटे की स्पीड से दौड़ाई थी ट्रेन

जापान की सेंट्रल जापान रेलवे कंपनी यानी JR Central ने आज से 11 साल से भी पहले 21 अप्रैल 2015 को अपने L0 सीरिज मैग्लेव ट्रेन को ट्रायल रन के दौरान 603 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया था. JR Central की वेबसाइट के अनुसार यह किसी भी तरह की ट्रेन के मामले में सबसे तेज रिकॉर्ड की गई रफ्तार है. लेकिन ध्यान रहे कि यह रिकॉर्ड आम यात्री सेवा में नहीं बल्कि जापान की यामानाशी मैग्लेव टेस्ट लाइन पर परीक्षण के दौरान बना था. जापान चाहता है कि इसे अब  आम लोगों के लिए चलाया जाए, लेकिन ट्रेन की प्रस्तावित अधिकतम ऑपरेशनल स्पीड 500 किमी प्रति घंटे तय की गई है. यानी भले इस ट्रेन की रिकॉर्ड स्पीड 600 किमी प्रति घंटे से अधिक की थी लेकिन रोजाना यात्रियों को यह ट्रेन 500 किमी प्रति घंटे की स्पीड से ही ले जाएगी. इस पर काम चालू है.

इस ट्रेन को JR Central और ‘रेलवे टेक्निकल रिसर्च इंस्टीट्यूट’ मिलकर विकसित कर रहे हैं. इसकी मैन्युफैक्चरिंग मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज और निप्पॉन शार्यो जैसी दिग्गज कंपनियां कर रही हैं. इसे जापान के निर्माणाधीन ‘चूओ शिंकानसेन’ रूट पर चलाया जाएगा, जो मैग्लेव ट्रेन की रूट होगी. यह रूट टोक्यो को नागोया से जोड़ेगा. अभी टोक्यो से नागोया के बीच की 286 किमी की दूरी को ट्रेन 100 मिनट में पूरा करती है लेकिन यह सिमट कर मात्र 40 मिनट रह जाएगी. आगे इसे ओसाका तक ले जाया जाएगा. वैसे इस प्रोजेक्ट की 2036 से पहले शुरू होने की उम्मीद नहीं है.

चीन बना रहा 600 किमी/घंटा वाली नई मैग्लेव ट्रेन

चीन भी जापान को कड़ी टक्कर देते हुए अपनी स्वदेशी हाई-स्पीड मैग्लेव ट्रेन तैयार कर रहा है. यह CRRC 600 मैग्लेव ट्रेन होगी. इसे चीन की सरकारी रेल कंपनी CRRC की चांगचुन यूनिट ने डिजाइन किया है.  इस ट्रेन का प्रोटोटाइप जुलाई 2024 में पेश किया गया था. इसके बाद 2025 में बीजिंग में इसके अगले चरण का लीड कार यानी अगला हिस्सा प्रदर्शित किया गया. चीनी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इसे अधिकतम 600 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर चलाने के लिए डिजाइन किया गया है. खास बात है कि इस ट्रेन के चलने से बीजिंग से शंघाई (करीब 1200 किमी) का सफर जो हवाई जहाज से 4.5 घंटे और वर्तमान बुलेट ट्रेन से 5.5 घंटे लेता है, वह इस मैग्लेव ट्रेन से मात्र 2.5 से 3 घंटे में पूरा हो जाएगा.

Leena Kumari

InsideNewsPostUK is a digital news portal dedicated to delivering timely, accurate, and insightful coverage of current events across the world. From politics and business to entertainment, technology, and lifestyle, we aim to inform and engage readers with in-depth reporting, expert analysis, and diverse perspectives. With a commitment to journalistic integrity and digital innovation, InsideNewsPostUK strives to be a trusted source for breaking news and thoughtful commentary in a rapidly changing media landscape.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button