CharDhamYatra2026 : चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज
Like previous years, arrangements for registration of Chardham pilgrims will be made at Rishikul Ground in Haridwar.
CharDhamYatra2026 : चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज :- चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है, तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या और संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सरसों का तेल और लहसुन के फायदे
बैठक में पुलिस, परिवहन, पर्यटन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने होल्डिंग एरिया चिह्नित करने, भीड़ प्रबंधन की ठोस योजना बनाने और सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार स्थित ऋषिकुल ग्राउंड में पूर्व वर्षों की भांति चारधाम यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। यहां जर्मन हैंगर युक्त टेंट लगाकर अस्थायी पंजीकरण केंद्र स्थापित होगा, जिसमें 20 काउंटर संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि पंजीकरण काउंटर सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित किए जाएं। केंद्र में पंखे, बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्ववत की जाएंगी।
यात्रियों को ट्रिप कार्ड और ग्रीन कार्ड जारी करने तथा वाहनों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को ऋषिकुल मैदान में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ अधिक होने या वीकेंड के दौरान अतिरिक्त दबाव की स्थिति में यात्रियों के ठहराव के लिए धर्मशालाओं और आश्रमों का चिह्नीकरण भी किया जाएगा। साथ ही हरिद्वार के दर्शनीय स्थलों के साइनेंज तैयार कर आश्रमों, अखाड़ों, होटलों और यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएंगे।
चारधाम यात्रा के दौरान बस स्टैंड पर यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए बसों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त सभी होटल और रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर के स्थान पर गैस पाइपलाइन से आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।



