हरकी पैड़ी पर मुख्यमंत्री का गंगा पूजन और नदी उत्सव
He became the longest serving BJP Chief Minister of Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एक नया इतिहास रच दिया है। वे उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले भाजपा मुख्यमंत्री बन गए हैं। लगातार चार वर्षों तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहने वाले पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर को न केवल राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा, बल्कि एक जनसेवक की तरह इसे जनसमर्पण का पर्व बताया।
हरिद्वार स्थित पवित्र हरकी पैड़ी पर आयोजित नदी उत्सव कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ मुख्यमंत्री ने मां गंगा का विधिवत पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्र और समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चारण और गंगा आरती के बीच उन्होंने एक भावुक भाषण में अपने चार वर्षों की यात्रा को साझा किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “आज का दिन मेरे लिए बेहद विशेष है। ठीक चार साल पहले मेरी पार्टी ने मुझे उत्तराखंड राज्य का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया। यह एक साधारण पद नहीं, बल्कि जनविश्वास का प्रतीक है। इन वर्षों में हमने कई चुनौतियों का सामना किया—प्राकृतिक आपदाएं, कोविड संकट, विकास के मार्ग में बाधाएं लेकिन हर बार हमने उन्हें अवसर में बदला।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र को जीवन में उतारते हुए कार्य किया है। यही कारण है कि आज उत्तराखंड आत्मविश्वास और आत्मगौरव के साथ प्रगति की राह पर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर नदियों के संरक्षण, स्वच्छता अभियान और धार्मिक सांस्कृतिक धरोहरों को जीवित रखने के प्रयासों को भी रेखांकित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नदियों को केवल पूजा का स्थल न मानें, बल्कि उन्हें जीवनदायिनी मानकर स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक क्षण ने राज्य की राजनीति और विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इस नदी उत्सव और मुख्यमंत्री के चार वर्ष पूरे होने का संदेश यही है जब इरादे मजबूत हों और सेवा भावना सच्ची हो, तो हर चुनौती एक अवसर बन जाती है।